फरीदाबाद, 21 मई 2022 : राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के राष्ट्रीय साधन व योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा के 30 विजेता छात्र- छात्राओं को विद्यालय प्रांगण में विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा एक सम्मान समारोह आयोजित कर मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सतेन्द्र सौरोत ने जानकारी देते हुए कहा कि हमें यह बताने में भी गर्व की अनुभूति हो रही है कि हमारे विद्यालय के छात्र लोकेश सिंह ने राज्य भर में सर्वाधिक अंक प्राप्त करके प्रथम स्थान प्राप्त किया है। दूसरी विशेष उपलब्धि है की राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 55 ने 30 छात्रवृत्ति के साथ राज्य भर में किसी एक स्कूल से सर्वाधिक छात्रवृत्ति प्राप्त की हैं। राष्ट्रीय साधन व योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा (एन एम एम एस) के परीक्षा परिणामों में इस वर्ष राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 55 के विद्यार्थियों ने परचम लहराया। जिला फरीदाबाद में कुल चयनित 53 विद्यार्थियों में से राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 55 के 30 विद्यार्थियों ने इस छात्रवृत्ति परीक्षा में स्थान प्राप्त किया। जबकि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीही की 5 छात्राओं ने परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
जिले के प्रथम 6 स्थानों पर सेक्टर 55 के विद्यार्थी छाए रहे। इस विद्यालय के आठवीं कक्षा के लोकेश कुमार ने 147 अंकों के साथ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि लक्ष्मी 136 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर व हर्षित 125 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे। कुल प्रथम 10 स्थानों में से 9 स्थान इस विद्यालय ने अर्जित किए। इस छात्रवृत्ति परीक्षा की विद्यालय की नोडल अधिकारी वंदना ने जानकारी दी कि इस छात्रवृत्ति के अन्तर्गत प्रत्येक विजेता छात्र को प्रतिवर्ष ₹12000 आगामी 4 वर्ष तक प्रदान किए जायेंगे।
प्रधानाचार्य सतेन्द्र सौरोत ने सभी छात्रवृत्ति विजेता छात्रों, उनके अभिभावकों, अध्यापकों तथा विद्यालय प्रबंध समिति के सभी सदस्यों को इस अद्वितीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यालय निरंतर अपनी एक से बढ़कर एक उपलब्धियों के कारण पूरे प्रदेश भर में चर्चा में बना रहता है।
विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्षा नीरू पाल, सदस्य शिक्षाविद सतबीर भारद्वाज, सामाजिक कार्यकर्ता जोगिंदर सिंह चानी, पर्यावरणविद ओमवीर सिंह ने भी सभी विजेता छात्र-छात्राओं को अपनी शुभकामनाएं दी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा अध्यापकों के परिश्रम तथा कर्मठता की भूरी भूरी प्रशंसा की।
इस अवसर पर संबोधित करने वालों में गणित प्राध्यापक अरविंद अग्रवाल, वंदना कुमारी, मनोज कुमार, सरदार गुरदीप सिंह, सरदार गुरमीत सिंह व संजीव कुशवाहा प्रमुख रूप से रहे।
0 Comments